जेल पहुंचने से पहले पुलिस अभिरक्षा से भागे तीन आरोपी, एक पकड़ाया; दो की तलाश जारी

कटनी। जिला जेल कटनी के प्रवेश द्वार पर उस समय अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई, जब जेल में दाखिल कराने लाए गए तीन आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भाग निकले। बहोरीबंद पुलिस की निगरानी में लाए जा रहे आरोपियों के अचानक फरार होने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की, जिसमें एक आरोपी को दोबारा पकड़ने में सफलता मिली है, जबकि दो अन्य अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम बहोरीबंद थाना पुलिस प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत धारा 151 में गिरफ्तार किए गए राकेश, रंजीत और अभिषेक को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची थी। जेल परिसर के बाहर दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और वहां से भाग निकले।

अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें सक्रिय की गईं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को पुनः अभिरक्षा में ले लिया है, जबकि शेष दो आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले में स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। दोनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला जेल के प्रवेश द्वार पर पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों के फरार होने की इस घटना ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस शेष दोनों आरोपियों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *