नगर निगम की पहल से शुरू हुआ ‘पालन घर’, नन्हे बच्चों को मिलेगा सुरक्षित और स्नेहपूर्ण वातावरण

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने किया पालन घर का शुभारंभ, 2 से 6 वर्ष तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास की होगी व्यवस्था

कटनी। कामकाजी अभिभावकों की सुविधा और उनके नन्हे बच्चों की बेहतर देखभाल की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टी.सी. बाजार स्कूल परिसर में ‘पालन घर’ का शुभारंभ किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को विधिवत शुभारंभ कर इस सुविधा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपायुक्त प्रियंका झरिया,एमआईसी सदस्य सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद वंदना यादव,एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, शोभा कुरील,सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी सहित निग़म अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने इस पहल के माध्यम से बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे, मिलेगा सर्वांगीण विकास का अवसर

पालन घर में 2 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। यहां बच्चों की उम्र और रुचि के अनुरूप खेल सामग्री, शैक्षणिक गतिविधियों तथा रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाएगा। बच्चों को पौष्टिक आहार, उचित देखभाल और प्रशिक्षित स्टाफ की निगरानी में रहने की सुविधा भी मिलेगी। इसके साथ ही बच्चों के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कामकाजी अभिभावकों को मिलेगी बड़ी राहत

पालन घर की शुरुआत से उन अभिभावकों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें कामकाज के दौरान अपने छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर चिंता रहती है। अब वे अपने बच्चों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में छोड़कर निश्चिंत होकर अपने कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। यह पहल बच्चों की देखभाल के साथ-साथ अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में निगम प्रशासन का सार्थक प्रयास है।

बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहल

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की पहल पर शुरू की गई इस सुविधा का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही सीखने, खेलने और अपनी प्रतिभा विकसित करने के अनुकूल वातावरण प्रदान करना है। पालन घर में बच्चों को स्नेहपूर्ण देखभाल के साथ ऐसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, जो उनके व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव तैयार करने में सहायक होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *