
पिछले वर्ष के मुकाबले 20.7 फीसदी कम बारिश, स्लीमनाबाद में सबसे अधिक तो बड़वारा में सबसे कम वर्षा
कटनी, 3 सितंबर। जिले में मानसून के दौरान इस बार बारिश का आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में काफी पीछे चल रहा है। 1 जून से 3 सितंबर तक जिले में 745.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 939.9 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस वर्ष अब तक करीब 20.7 फीसदी कम बारिश हुई है।
जिले की तहसीलों में बारिश का वितरण भी असमान रहा है। इस मानसून अवधि में स्लीमनाबाद तहसील 1046.4 मिलीमीटर औसत वर्षा के साथ सबसे आगे है। वहीं बड़वारा तहसील में सबसे कम 488.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।
भू-अभिलेख विभाग के अनुसार 1 जून से 3 सितंबर तक रीठी में 892.8 मिलीमीटर, ढीमरखेड़ा में 833.0 मिलीमीटर, विजयराघवगढ़ में 743.3 मिलीमीटर, बहोरीबंद में 688.8 मिलीमीटर तथा कटनी तहसील में 674.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
इसी अवधि में बरही तहसील में 593.0 मिलीमीटर और बड़वारा में 488.5 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड हुई। आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले में वर्षा का वितरण एक समान नहीं रहा और कुछ तहसीलों में जहां अच्छी बारिश हुई, वहीं कई क्षेत्रों में वर्षा अपेक्षाकृत कम रही।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी अवधि में रीठी तहसील में सर्वाधिक 1219.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस वर्ष जिले की औसत बारिश का आंकड़ा पिछले साल की तुलना में काफी कम रहने से किसानों और कृषि गतिविधियों के लिए मानसून की स्थिति पर निगाहें बनी हुई हैं।
