‘स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत‘ गांधी जयंती के सुअवसर पर सायना स्कूल में चौदहवां मैराथन रन फॅार ‘स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत’ का संदेश लेकर दौडे़ बच्चे एवं युवा*

कटनी, विगत वर्षो की भांति इस वर्ष भी 2 अक्टूबर.2026 को सायना इंटरनेशनल स्कूल, कटनी में मैराथन का आयोजन किया गया। इस वर्ष मैराथन की थीम थी- ‘मजबूत शरीर, तेज दिमाग, बेहतर जीवन’। इसका मुख्य उद्देश्य एक अच्छे जीवन के लिए शारीरिक एवं मानसिक दोनों तरह से स्वस्थ होना जरूरी है। वातावरण को स्वच्छ करके अपने स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरुकता लाना तथा सिंगल यूज पॉलीथीन से समाज को मुक्त करना। यह मैराथन रेलवे स्टेशन कटनी से शुरू होकर सायना इंटरनेशनल स्कूल, झिंझरी, कटनी (12 कि. मी. की दूरी) में संपन्न हुई। इस दौड़ का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा, मैनेजमेंट प्रतिनिधि श्री ऋषि अरोरा सायना किड्स स्कूल की प्रभारी डॉ.भारती शर्मा,हेड मास्टर डॉ. लोकेश दुबे एवं कमल सरेचा ने ध्वज दिखाकर किया । मैराथन में विभिन्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता प्राप्त की। इस दौड़ में अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी भाग लेकर धावकों के मनोबल को बढ़ाया। इस दौड़ में बालक वर्ग में प्रथम स्थान विवेक सिंह, सायना इंटरनेशनल स्कूल,कटनी द्वितीय स्थान कैडट अभिराज लोधी सायना (सैनिक स्कूल) कटनी एवं तृतीय स्थान अनुराग पटेल ने सायना इंटरनेशनल स्कूल से प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में सायना इंटरनेशनल स्कूल कटनी से श्रेया कुशवाहा प्रथम, कैडेट कृष्णयी भंडारकर सायना(सैनिक) स्कूल कटनीे से द्वितीय एवं कैडेट महिरा परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस स्पर्धा में भाग लेने वाले अन्य सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। स्कूल के प्राचार्य ड़ॉ. आदित्य कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा कि ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सुंदर समाज के निर्माण का हमारा सामूहिक संकल्प है। इसी भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित यह इकोथॉन हम सभी के लिए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। स्वच्छ वातावरण हमारे स्वास्थ्य का आधार है। यदि हम अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें; कचरे का उचित स्थान पर रखें; प्लास्टिक का कम उपयोग करें, अधिक से अधिक पेड़ लगाएँ और जल एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करें, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में स्वच्छता अभियान के दौरान सायना के बच्चे एवं स्टाफ ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और सायना परिसर की साफ-सफाई कर कार्यक्रम को सफल बनाया। तदोपरांत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सायना में कार्यरत श्रमजीवियों को स्नेह पूर्वक भोजन कराकर कार्यक्रम को गति प्रदान की।
सायना स्कूल की चेयरपर्सन श्रीमती निधि पाठक ने अपने संदेश में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि चौदह वर्षो में सायना की मैराथन ने समाज में जागरूकता लाने का सफल प्रयास किया है। सायना के क्रीड़ा विभाग प्रभारी श्रीमती पिंकी बलियानी ने प्रतिभागियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी मानसिक एवं शारीरिक दोनों क्षमताओं का विकास करते हैं, अतः इनमें सहभागिता कर स्वयं और समाज दोनों को लाभांवित करें। धन्यवाद ज्ञापन के साथ राष्ट्रीय गान से कार्यक्रम का समापन किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *