थाना ढीमरखेड़ा में हिस्ट्रीशीटर एवं संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अभियान

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना ढीमरखेड़ा क्षेत्र में विशेष जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने हिस्ट्रीशीटर, निगरानीशुदा बदमाशों तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति, रोजगार एवं गतिविधियों की जानकारी एकत्रित की। साथ ही उन्हें कानून का पालन करने, सामाजिक शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी गई।
इस विशेष अभियान में संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की भी गहन जांच की गई। सार्वजनिक स्थलों पर बिना कारण घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों पर सतत निगरानी रखी जा रही है जिनका पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह के सत्यापन एवं निगरानी अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या कानून-विरुद्ध घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *