
भोपाल। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) एवं राज्य पुलिस सेवा (SPS) के कुल 74 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 8 आईपीएस और 66 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों को नई पदस्थापनाएं दी गई हैं। इस फेरबदल को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विंध्य और महाकौशल अंचल के प्रमुख जिलों कटनी, सतना और रीवा में भी अहम बदलाव किए गए हैं, जिससे पुलिस प्रशासन में नई ऊर्जा और कार्यकुशलता लाने की कोशिश दिखाई दे रही है।
कटनी को मिले नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
मुरैना में 5वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल में उप सेनानी के पद पर पदस्थ रहे कमल मौर्य को अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कटनी नियुक्त किया गया है। उनके आगमन से जिले की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सतना में युवा आईपीएस को मिली बड़ी जिम्मेदारी
2022 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव पाण्डेय, जो वर्तमान में सिंगरौली में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के रूप में कार्यरत थे, उन्हें पदोन्नत जिम्मेदारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सतना बनाया गया है।रीवा जोन में भी प्रशासनिक बदलाव
रीवा जोन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रतिभा पटेल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अजाक रीवा-सागर से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, पीटीएस सागर बनाया गया है। साथ ही उन्हें जेएनपीए सागर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
मनु व्यास, जो रीवा जोन के आईजी कार्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के रूप में पदस्थ किया गया है।
युवा सहयोगी अधिकारियों को नई फील्ड पोस्टिंग मिली
राज्य सरकार ने 2022 बैच के कई युवा आईपीएस अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, भोपाल और सतना जैसे जिलों में नई नियुक्तियां शामिल हैं।
प्रमुख नियुक्तियां इस प्रकार हैं—
अनु बेनिवाल – एएसपी ग्वालियर से एएसपी जबलपुर
ओमप्रकाश – बालाघाट से एडीसीपी जोन-3, इंदौर
करनदीप – बैहर (बालाघाट) से एएसपी उज्जैन
आयुष जाखड़ – करैरा (शिवपुरी) से एएसपी जबलपुर
गौरव पाण्डेय – सिंगरौली से एएसपी सतना
मिनी शुक्ला – नरसिंहगढ़ से एडीसीपी जोन-2, भोपाल
राज कृष्णा – सबलगढ़ से एएसपी महू (इंदौर ग्रामीण)
सुजावल जग्गा – सीएसपी धार से एएसपी ग्वालियर
राज्य पुलिस सेवा के 66 अधिकारियों का तबादला
राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों की लंबी सूची में भी कई महत्वपूर्ण पदस्थापनाएं की गई हैं। उमरिया, डिंडोरी, भोपाल, भिंड, उज्जैन, अलीराजपुर और पांढुर्णा सहित अनेक जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
गृह विभाग का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस व्यवस्था की कार्यक्षमता बढ़ेगी और विभिन्न जिलों में कानून-व्यवस्था के संचालन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा। प्रदेशभर में जारी इस तबादला सूची को वर्ष 2026 की पुलिस प्रशासन की सबसे बड़ी स्थानांतरण कार्यवाही माना जा रहा है।
