निवार पुलिस की अपराधियों पर सख्ती, आदतन बदमाशों के घर पहुंची टीम, संदिग्धों की हुई जांच”

कटनी जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निवार चौकी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। पुलिस टीम उनके घरों तक पहुंची और गतिविधियों का सत्यापन किया।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया और थाना प्रभारी संजय दुबे के निर्देशन में निवार चौकी क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों, रोजगार और सामाजिक व्यवहार की जानकारी जुटाई। साथ ही उन्हें अपराध से दूर रहने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल न होने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने पूर्व में आपराधिक मामलों में शामिल रहे व्यक्तियों का भी सत्यापन किया और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने की बात कही। वहीं सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान की जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

निवार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *