
कटनी। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी के रूप में निरीक्षक अभिषेक चौबे ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने स्थानांतरित होकर आए थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा का स्थान लिया है। पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री चौबे ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं और शिकायतों का गंभीरतापूर्वक निराकरण किया जाएगा तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जाएगा।
निरीक्षक अभिषेक चौबे मूल रूप से सागर जिले के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में ग्वालियर में प्लाटून कमांडर के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। इसके बाद वर्ष 2012 में उपनिरीक्षक के पद पर इंदौर में पदस्थ हुए। पदोन्नति के पश्चात वर्ष 2021 में दमोह और छतरपुर जिलों में कार्यवाहक निरीक्षक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
वर्ष 2023 में उनका स्थानांतरण कटनी जिले में हुआ, जहां उन्होंने कुठला, माधवनगर और ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं। अब विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया है।
ज्ञातव्य हो कि निरीक्षक अभिषेक चौबे जहां भी पदस्थ रहे, वहां अपनी बेहतर पुलिसिया शैली के लिए जाने जाते रहे हैं।
