
कटनी में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कुठला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 295 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को अमराडांड मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह अपने पास रखी थैली छिपाने का प्रयास करने लगा, जिस पर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मंगतराम पटेल उर्फ गुलसन, निवासी हरदुआ थाना कुठला बताया। तलाशी के दौरान उसकी थैली से 1 किलो 295 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
