कुठला पुलिस की बड़ी सफलता : चोरी का ट्रक कुछ घंटों में बरामद, समर्सिबल पंप चोरी का आरोपी भी गिरफ्तार

कटनी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस को एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने चोरी गए एक ट्रक को कुछ ही घंटों के भीतर बरामद कर लिया, वहीं समर्सिबल पंप चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार कैलवारा कला निवासी रामजी पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका अशोक लीलैंड ट्रक (क्रमांक MP20HB4961), जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, पटेल ढाबा के समीप खड़ा था जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर कुठला थाना में प्रकरण दर्ज कर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम की सहायता से वाहन की लोकेशन सरलानगर-भदनपुर मार्ग पर मिली। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला मैहर क्षेत्र से ट्रक बरामद कर लिया। वाहन की पहचान स्वामी एवं साक्षियों द्वारा किए जाने के बाद उसे सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। मामले में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं दूसरे मामले में चाका निवासी शुभम बर्मन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने बताया था कि अज्ञात चोरों ने पंप हाउस का ताला तोड़कर सीआरआई कंपनी का 7.5 एचपी का समर्सिबल पंप, चेंबर, रॉड और अन्य उपकरण चोरी कर लिए थे। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लमतरा फाटक निवासी आकाश यादव (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गया समर्सिबल पंप बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, सुनील पाण्डेय, नरेन्द्र पटेल, ताहिर खान तथा आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी और दुर्गेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *