
कटनी : कुठला पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने यूपीआई के माध्यम से कटनी निवासी के बैंक खाते से 1 लाख 88 हजार रुपये पार कर दिए थे। तकनीकी जांच के आधार पर कुठला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कटनी के कछिगवां निवासी अंकित राय ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुड़वारा शाखा के खाते से उसकी जानकारी और सहमति के बिना यूपीआई के जरिए दो ट्रांजेक्शन में कुल 1 लाख 88 हजार रुपये अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। शिकायत के आधार पर कुठला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शन, यूपीआई आईडी और मोबाइल नंबरों की गहन जांच के बाद पुलिस ने राजस्थान के कोटा जिले के कुलदीप सिंह सोलंकी और सवाई माधोपुर के शुभम मीणा उर्फ सानू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
