
कटनी जिले ने रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आयोजित युवा संगम – रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला के उत्कृष्ट आयोजन के लिए कटनी जिला पूरे मध्यप्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा है। इस उपलब्धि पर राज्य शासन के रोजगार आयुक्त ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र भेजा है।
रोजगार, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित युवा संगम कार्यक्रम में कटनी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के 55 जिलों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जुलाई माह में आयोजित इस अभियान के तहत रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के लिए बड़े स्तर पर मेले आयोजित किए गए, जिनमें हजारों युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसर प्राप्त किए।
राज्य शासन के रोजगार आयुक्त श्री गिरीश शर्मा ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी को भेजे गए प्रशंसा पत्र में कहा है कि उनके नेतृत्व में किया गया कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा है। पत्र में कटनी जिले द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए किए गए प्रयासों की विशेष सराहना की गई है।
युवा संगम अभियान के दौरान जिले में 11 प्रतिष्ठित और नामचीन औद्योगिक कंपनियों ने भागीदारी की। इन कंपनियों द्वारा कुल 1778 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई, जिसमें 2225 युवाओं ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 1359 युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के लिए चयनित किया गया और उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किए गए। यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए नए रोजगार अवसरों का बड़ा माध्यम बनी।
केवल निजी क्षेत्र में रोजगार ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार को भी विशेष प्राथमिकता दी गई। जिले में संचालित 15 स्वरोजगार योजनाओं के तहत 342 हितग्राहियों को ऋण स्वीकृत कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया गया। इससे युवा उद्यमिता को भी बढ़ावा मिला।
जिला प्रशासन का कहना है कि युवा संगम कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बेहतर कौशल, बेहतर रोजगार और उज्ज्वल भविष्य उपलब्ध कराना है। रोजगार मेलों के माध्यम से उद्योगों और युवाओं के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा है कि
“कटनी जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना हमारी प्राथमिकता रही है। सभी विभागों और औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से यह सफलता मिली है। भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।”
कटनी जिले की यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि योजनाबद्ध प्रयासों से रोजगार के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। प्रदेश के 55 जिलों में तीसरा स्थान प्राप्त कर कटनी ने यह साबित किया है कि सही रणनीति और प्रभावी क्रियान्वयन से युवाओं के भविष्य को नई दिशा दी जा सकती है।
