
कटनी जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कुठला पुलिस लगातार प्रभावी कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में 2 किलो 600 ग्राम गांजा बरामदगी के मामले में पुलिस ने अब मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान बिलहरी बड़खेरा निवासी जितेन्द्र सिंह ठाकुर उर्फ मज्जुल ठाकुर के कब्जे से 2 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 37 हजार रुपये है, जब्त किया गया था। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना कुठला में अपराध क्रमांक 576/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह गांजा बृजेश उपाध्याय उर्फ प्रियांशु, निवासी मवई थाना स्लीमनाबाद से खरीदा था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर लगातार तलाश कर मुख्य सप्लायर बृजेश उपाध्याय (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था तथा उसके अन्य सहयोगी कौन हैं।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव सहित थाना कुठला के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
