बालाजी नगर में सजा भक्ति का दरबार, श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ

बालाजी नगर में भक्ति की बयार, श्रीमद्भागवत की अमृतवाणी से गूंजा कथा पंडाल… सात दिवसीय कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब।

कटनी के बालाजी नगर में सावन मास के पावन अवसर पर भक्ति और आध्यात्म का भव्य आयोजन शुरू हुआ। पुरवार स्कूल के सामने बने विशाल पंडाल में स्वर्गीय भगवान दास दुबे की वार्षिक स्मृति के अवसर पर उनके सुपुत्र नीरज दुबे द्वारा 7 से 13 अगस्त तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ विशाल कलश शोभायात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

बालाजी नगर में शुक्रवार को भक्तिमय माहौल के बीच श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। सुंदर कलशों से सजी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इसके बाद कथा स्थल पर 1008 श्री राजगुरु स्वामी बदरीप्रपन्नाचार्य जी महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया। कथा श्रवण के लिए पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

सात दिवसीय कथा के दौरान प्रतिदिन भगवान की विभिन्न लीलाओं और धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
8 अगस्त को मंगलाचरण, राजा परीक्षित जन्म, कपिलोपाख्यान और ध्रुव चरित्र, जबकि 9 अगस्त को जयप्रभात प्रसंग एवं प्रह्लाद चरित्र का वर्णन होगा।
10 अगस्त को वामन अवतार, रामचरित्र और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

इसी क्रम में 11 अगस्त को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ गोवर्धन उत्सव, 12 अगस्त को कंस वध और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह महोत्सव होगा।
वहीं 13 अगस्त को सुदामा चरित्र, व्यास पूजन और हवन-आहुति के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन होगा।

कथा के समापन उत्सव के अवसर पर 14 अगस्त को कन्या एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *