तलवार और चाकू लेकर घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार

कुठला पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्यवाही, दोनों को भेजा जेल


कटनी। कुठला थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार और एक चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात कुठला पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पहलवान ढाबा के आगे नहर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से लोहे की धारदार तलवार बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शिब्बू चौधरी पिता बृजमोहन चौधरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी इंद्रानगर गली नंबर 9, थाना कुठला बताया। पुलिस ने तलवार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इसी तरह 15 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इंद्रानगर बायपास स्थित यात्री प्रतीक्षालय में एक युवक धारदार चाकू लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहित पटेल पिता दलपत पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी इंद्रानगर गली नंबर 4, थाना कुठला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक रवि शुक्ला, प्रधान आरक्षक अजय यादव, राहुल मिश्रा, रामेश्वर सिंह, आलोक तिवारी, आरक्षक दुर्गेश सिंह, विवेक शुक्ला, विजय प्रजापति सहित अन्य पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *