गणेश विसर्जन और वर्षी मेले से पहले निगम ने कसी कमर

महापौर प्रीति सूरी ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर सफाई, निर्माल्य संकलन और मच्छररोधी छिड़काव की समीक्षा की

कटनी। गणेश प्रतिमा विसर्जन और आगामी वर्षी मेले को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे मैदानी कार्यों और आगामी आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में महापौर ने गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों, चलित एवं कृत्रिम विसर्जन कुंडों सहित आसपास के क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी, आवश्यक संसाधन और लगातार सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आयोजन के दौरान विभागीय अमले के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

वर्षी मेले में सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर जोर

आगामी वर्षी मेले को लेकर महापौर ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सफाई, पेयजल, अस्थायी शौचालय, कचरा संग्रहण और डस्टबिन जैसी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। मेला क्षेत्र के साथ प्रमुख मार्गों और आसपास के स्थानों पर नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

निर्माल्य के लिए पूजा स्पेशल वाहन

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि पूजन सामग्री और निर्माल्य को खुले स्थानों अथवा जलस्रोतों में न डालें। नगर निगम द्वारा संचालित पूजा स्पेशल वाहन में ही निर्माल्य एवं पूजन सामग्री दें। अधिकारियों को इन वाहनों का नियमित संचालन कर निर्धारित क्षेत्रों से समय पर निर्माल्य एकत्र करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित छिड़काव

बैठक में शहर में कीटनाशी एवं मच्छररोधी दवा के छिड़काव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। महापौर ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर नियमित छिड़काव कराने और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को सक्रिय रखते हुए कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

आवारा मवेशियों पर भी निगरानी

गणेश विसर्जन एवं अन्य आयोजनों के दौरान यातायात और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों, जुलूस मार्गों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर आवारा मवेशियों की समस्या के नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्यवाही करने को कहा गया। महापौर ने संबंधित अमले को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

महापौर ने अधिकारियों से कहा कि आगामी आयोजनों के दौरान नागरिकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

बैठक में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *