कटनी से इस वक्त की बड़ी खबर… बैंक से लाखों रुपये की नकदी चोरी करने वाला आरोपी चंद घंटों में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
माधवनगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी की गई रकम भी बरामद कर ली है।
कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक फिनो पेमेंट बैंक डिस्ट्रीब्यूटर आउटलेट से करीब 13 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई।
दरअसल, फरियादी अमित जैसवानी के पास बैंकिंग कार्य के चलते यह रकम जमा थी, जिसे अज्ञात आरोपी मौके का फायदा उठाकर लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तत्काल एक टीम का गठन किया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी घटना के बाद दोपहिया वाहन से जबलपुर की ओर भाग रहा है।
तुरंत एक्शन लेते हुए माधवनगर पुलिस ने स्लीमनाबाद और सिहोरा थाना पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मगन यादव उर्फ राजवीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 12 लाख 51 हजार 995 रुपये नकद, घटना में उपयोग किया गया दोपहिया वाहन और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
