कटनी में पटवारियों का बड़ा फेरबदल, 61 के तबादले; चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल

कटनी। जिले की राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने पटवारियों के व्यापक तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार जिले में कुल 61 पटवारियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें 18 पटवारियों को स्वेच्छा के आधार पर नई पदस्थापना दी गई है, जबकि 43 का तबादला प्रशासनिक कारणों से किया गया है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में सभी स्थानांतरित पटवारियों को तीन दिवस के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व विभाग में लंबे समय बाद हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हालांकि तबादला सूची जारी होने के साथ ही चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। राजस्व विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कई ऐसे पटवारी, जो वर्षों से एक ही क्षेत्र या तहसील में पदस्थ हैं, सूची से बाहर रह गए हैं। इनमें कुछ ऐसे नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं जिनकी पदस्थापना को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं।

चर्चा यह भी है कि प्रभावशाली और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त कुछ कर्मचारियों पर तबादला नीति का असर नहीं पड़ा, जबकि अन्य कर्मचारियों को स्थानांतरित कर दिया गया। ऐसे में तबादलों की चयन प्रक्रिया को लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

फिलहाल प्रशासन इस कार्रवाई को राजस्व व्यवस्था में जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम बता रहा है। वहीं, तबादला सूची से बाहर रह गए प्रभावशाली नामों को लेकर चल रही चर्चाएं आने वाले दिनों में और तेज हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *