कटनी : समीपस्थ ग्राम कैलवारा खुर्द बाईपास स्थित गंगा सिटी में आयोजित 9 दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के शुभारंभ पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कैलवारा के जगन्नाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा बायपास स्थित गंगा सिटी कथा पंडाल तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
धर्म और संस्कृति की छटा बिखेरती यह शोभायात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अनुपम उदाहरण बनी। शोभायात्रा में कथा व्यास स्वामी बदरी प्रपन्नाचार्य जी महाराज बग्घी में सवार होकर भक्तों को आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे। मार्ग भर श्रद्धालु ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।
पीली साड़ी धारण किए सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर गाजे-बाजे के साथ यात्रा में भाग लिया। सुसज्जित झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों की मधुर धुनों ने शोभायात्रा की सुंदरता को और भी दिव्य बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा के कथा पंडाल पहुंचने पर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत इस भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया।