
कटनी (ढीमरखेड़ा):
जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलौंडी बाजार से लापता हुई 10 वर्षीय बालिका को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत की गई, जिसमें पुलिस की तत्परता और समन्वय देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को कुंडम थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी और पोती के साथ सिलौंडी बाजार खरीदारी के लिए आया था। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे, सामान खरीदते समय उसका ध्यान भटक गया और उसकी 10 वर्षीय पोती भीड़ में कहीं गुम हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ढीमरखेड़ा पुलिस तत्काल हरकत में आई और बालिका की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में टीम ने तेजी से कार्यवाही की। कंट्रोल रूम के माध्यम से जिलेभर में सूचना प्रसारित की गई, बाजार क्षेत्र में मुनादी कराई गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
लगातार सर्चिंग और पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने बालिका को उसके नाना के घर, कुंडम (जिला जबलपुर) से सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद बच्ची को उसके दादा-दादी के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा और धर्मवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔶 पुलिस की अपील :
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अपने पास ही रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
