
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से कुठला पुलिस आरोपी तक पहुंची, चोरी का मशरुका बरामद
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के इन्द्रानगर में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में इन्द्रानगर गली नंबर-6 निवासी 24 वर्षीय लाला उर्फ मुकेश निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी मोहित के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात और नगदी बरामद कर विधिवत जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
रात में परिवार के घर से बाहर जाने का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार इन्द्रानगर गली नंबर-1 निवासी राकेश केशरवानी 12 सितंबर की शाम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर से बाहर गए थे। रात करीब 12:30 बजे उनकी पत्नी ने घर से कुछ टूटने जैसी आवाज आने की जानकारी दी, लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। करीब रात 1 बजे जब वे घर वापस लौटे तो मकान का बाहरी ताला टूटा हुआ मिला।घर के अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। जांच करने पर आलमारी में रखी सोने की चैन, लॉकेट, पंचाली, अंगूठी, बच्चों के सोने के लॉकेट सहित चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन तथा नगदी रकम गायब मिली। इसके बाद पीड़ित ने 13 सितंबर को कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अपराध दर्ज कर गठित की गई पुलिस टीम
शिकायत के आधार पर कुठला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 832/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला कायम किया। चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों और चोरी गए सामान की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर निगरानी और चौकिंग की गई। पुलिस के अनुसार पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद संदेह के आधार पर इन्द्रानगर गली नंबर-6 निवासी लाला उर्फ मुकेश निषाद तक पुलिस पहुंची।
पूछताछ में चोरी स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर को आरोपी लाला उर्फ मुकेश निषाद से सघन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी मोहित के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। बरामद मशरुका को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी के साथी मोहित की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्यवाही
पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में तथा कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई।कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक श्यामनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह, अजय यादव, राहुल मिश्रा, मोनी गुप्ता, आरक्षक विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
