मुस्लिम समाज के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में सजा समारोह, मुस्लिम समाज ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

विजयराघवगढ़ : मुस्लिम समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान में एक प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया, जहां शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 8वीं और 5वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार भेंट किए गए। यह आयोजन शान मोहम्मद हाफिज जी बोरवेल्स एवं अशरफी पंप की ओर से कराया गया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा समाज की तरक्की की सबसे मजबूत नींव है और आज के ये होनहार बच्चे आने वाले समय में क्षेत्र का भविष्य तय करेंगे। बच्चों की सफलता पर अभिभावकों और समाजजनों ने खुशी जताते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित विद्यार्थियों में ज़ैद अहमद ने कक्षा 10वीं में 90.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर सरस्वती शिशु मंदिर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं ख्वाहिश फातिमा ने 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्री द्वारिका प्रसाद स्कूल का नाम गौरवान्वित किया। अर्शिया मंसूरी ने कक्षा 8वीं में 92.66 प्रतिशत अंक हासिल कर लक्ष्मी कॉन्वेंट स्कूल में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कक्षा 5वीं की छात्रा खुशनुमा परवीन ने 81.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मौजूद समाजजनों ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत के लिए प्रेरित करते हैं। समारोह में राजू भाईजान, शेख शहीद, मो. सैफी, सरताज, सलीम, शकील, मो. आदिल, सब्बीर, कल्लू चाचा, सोएब, हारुन भाईजान, याकूब भाई, हाजी अशफाक एवं अरशद अशरफी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों की उपलब्धियों पर तालियों की गूंज और गर्व का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *