वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान से गूंजा कटनी: वॉइस ऑफ मीडिया का समारोह बना पत्रकार एकता का मंच

कटनी। अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन वॉइस ऑफ मीडिया कटनी द्वारा होटल उर्वशी में आयोजित वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह गरिमा, आत्मीयता और पत्रकार एकता का प्रतीक बन गया। जिले की पत्रकारिता को नई दिशा देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान कर उनके लंबे योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकार संगठनों और शहर के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर आशीष तिवारी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, एडिशनल एसपी डॉ. संतोष डेहरिया एवं वॉइस ऑफ मीडिया के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शर्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत संगठन के जिलाध्यक्ष शैलेष पाठक, महासचिव अशोक वर्मा, उपाध्यक्ष संजय गुप्ता एवं सह सचिव कमलेश तिवारी ने पुष्पहार भेंटकर किया।

वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान

समारोह में जिले की पत्रकारिता के पुरोधाओं को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार कृष्णकांत अग्निहोत्री, श्याम गौर, जनकवि एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेश सोनी, संतोष दुबे, लालजी शर्मा सहित वरिष्ठ पत्रकार अशोक पृथ्यानी के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित उनके पुत्र घनश्याम पृथ्यानी का अभिनंदन किया गया।

इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी मनोज श्रीवास्तव, समाजसेवी अजय सरावगी एवं किशोर न्याय बोर्ड सदस्य आर बी गुप्ता का भी सम्मान किया गया।

मीडिया प्रशासन और समाज के बीच मजबूत सेतु : कलेक्टर

कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है। कई ऐसी समस्याएं होती हैं जो सीधे प्रशासन तक नहीं पहुंच पातीं, लेकिन मीडिया उन्हें प्रमुखता से उठाकर समाधान का रास्ता तैयार करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है और समाज को सकारात्मक दिशा देने में इसकी बड़ी भूमिका है।

संवेदनशील मुद्दों पर सक्रिय हैं पत्रकार : एसपी

एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि कटनी जिले के पत्रकार संवेदनशील मुद्दों पर गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। पत्रकारों से प्राप्त जानकारी और फीडबैक के आधार पर पुलिस प्रशासन कई मामलों में समय रहते सुधारात्मक कदम उठा पाता है। उन्होंने कहा कि समाचारों की प्रतिस्पर्धा के दौर में भी जिले के पत्रकारों की आपसी एकजुटता सराहनीय है।

पत्रकार हितों के लिए कार्य कर रहा संगठन

वॉइस ऑफ मीडिया के प्रदेशाध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि संगठन पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन की शाखाएं 155 देशों में सक्रिय हैं और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

पत्रकार एकता की दिखी मिसाल

समारोह की सबसे खास बात पत्रकार साथियों का आपसी सम्मान और आत्मीयता रही। जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों का भी मंच से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन यशभारत के स्थानीय संपादक आशीष सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शैलेष पाठक ने किया। अंत में स्नेहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *