प्रधानमंत्री के संकल्प को कैमोर से मिला संबल, नगर परिषद अध्यक्षा ने अपनाई इलेक्ट्रिक स्कूटी

स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ा कैमोर, पर्यावरण संरक्षण का दिया भावपूर्ण संदेश

कटनी जिले के कैमोर नगर परिषद से एक सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल सामने आई है, जहां नगर परिषद अध्यक्षा श्रीमती पलक नमित ग्रोवर ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी अपनाई है। प्रधानमंत्री के हरित भारत और स्वच्छ ऊर्जा के संकल्प से प्रेरित यह कदम अब पूरे नगर में चर्चा का विषय बन गया है।

देशभर में जहां प्रदूषण और बढ़ते ईंधन संकट को लेकर चिंता बढ़ रही है, वहीं कैमोर नगर परिषद ने स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सकारात्मक संदेश दिया है। नगर परिषद अध्यक्षा श्रीमती पलक नमित ग्रोवर ने नगर भ्रमण और शासकीय कार्यों के लिए पेट्रोल-डीजल वाहनों के बजाय इलेक्ट्रिक स्कूटी का उपयोग शुरू किया है।

अध्यक्षा श्रीमती ग्रोवर का कहना है कि यह केवल वाहन परिवर्तन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने का एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज धरती माँ प्रदूषण की पीड़ा झेल रही है और ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए।

नगर परिषद कैमोर की अध्यक्षा पलक नमित ग्रोवर ने कहा है कि
“माननीय प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ ऊर्जा और हरित भारत के संकल्प से प्रेरित होकर हमने यह निर्णय लिया है। यदि हर व्यक्ति अपनी छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाए, तो इसका बड़ा सकारात्मक प्रभाव पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। इलेक्ट्रिक वाहन अपनाना समय की आवश्यकता है।”

नगर परिषद अध्यक्षा ने नगरवासियों से भी अपील की है कि वे यथासंभव पेट्रोल और डीजल के उपयोग को कम करें तथा इलेक्ट्रिक और स्वच्छ ऊर्जा के विकल्प अपनाकर पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान का हिस्सा बनें।

कैमोर नगर परिषद की यह पहल विकास और पर्यावरणीय संवेदनशीलता का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आई है। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह संदेश आम लोगों तक कितनी तेजी से पहुंचता है और स्वच्छ ऊर्जा की यह मुहिम कितना बड़ा जनआंदोलन बन पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *