गौरहा धाम में बहेगी रामभक्ति की अविरल गंगा, 3 जून से शुरू होगा श्रीराम कथा महोत्सव

विजयराघवगढ़। धर्म और आस्था की पावन भूमि विजयराघवगढ़ एक बार फिर श्रीराममय होने जा रही है। गौरहा हनुमान मंदिर परिसर में 3 जून से 11 जून 2026 तक आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा को लेकर क्षेत्रभर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इस आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ 3 जून को दोपहर 2 बजे भव्य कलश शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा श्री संकट मोचन आश्रम, विजयराघवगढ़ से प्रारंभ होकर गौरहा हनुमान मंदिर परिसर तक पहुंचेगी। कलश धारण किए मातृशक्ति के साथ भक्ति गीतों, रामधुन और जयघोषों के बीच निकलने वाली यह यात्रा पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर देगी।
आयोजन के दौरान अनंत श्री विभूषित परम पूज्य स्वामी श्री सीताशरण जी महाराज का दिव्य सान्निध्य प्राप्त होगा। वहीं कथा व्यास महंत स्वामी सीताराम शरण जी महाराज प्रभु श्रीराम के जीवन, त्याग, मर्यादा, आदर्श और धर्म पर आधारित अमृतमयी कथा का वाचन करेंगे। कथा प्रतिदिन सायं 4 बजे से हरि इच्छा तक आयोजित होगी।
आयोजकों के अनुसार श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सदाचार और राष्ट्रधर्म की प्रेरणा देने वाला आध्यात्मिक महायज्ञ है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर 11 जून को रात्रि 8 बजे से हवन-पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात 12 जून को दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
गौरहा हनुमान मंदिर समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित उपस्थित होकर कथा श्रवण करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *