
कटनी। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत कई थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पुलिसकर्मियों का भी स्थानांतरण किया गया है।
ताजा आदेश में कार्यवाहक निरीक्षक अखिलेश दाहिया को जिले के महत्वपूर्ण कुठला थाना की कमान सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ दिनों से चर्चाओं का बाजार गर्म था, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है।
वहीं ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे को विजयराघवगढ़ थाना भेजा गया है। दूसरी ओर, निरीक्षक महिमा रघुवंशी को ढीमरखेड़ा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। विजयराघवगढ़ के तत्कालीन थाना प्रभारी रितेश शर्मा को पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में पांच वर्ष से अधिक समय से पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी नई पदस्थापना दी गई है। सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग के इस फेरबदल को कार्यप्रणाली में सुधार, बेहतर पुलिसिंग और प्रशासनिक संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने नए दायित्व संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
