कटनी : किसानों के लिए सरकार के द्वारा की जाने वाली तमाम योजनाएं तब बौनी साबित हो जाती हैं, जब किसान की मेहनत से पैदा किए गए अनाज को बेचने के लिए उसे कतार में कई-कई दिन खड़े रहकर गिड़गिड़ाना पड़ता है, और तब ऐसे में किसान अपने-आपको ठगा सा महसूस करता है, और सरकारों को कोसता है, क्योंकि ऐसी स्थिति में उसके पास एक ही रास्ता बचता है, कि औने-पौने दाम में अपनी कमाई कहीं भी मंडी में जाकर बेच दे…
कटनी जिले में किसानों की परेशानी एक बार फिर सामने आई है…रीठी रोड स्थित पांडे वेयरहाउस में गेहूं बेचने पहुंचे किसान पिछले दो-तीन दिनों से लाइन में परेशान खड़े हैं, लेकिन अब तक उनकी फसल की तौल नहीं हो पाई है…
किसानों का आरोप है कि जहां उन्हें नियमों का हवाला देकर रोका जा रहा है, वहीं वेयरहाउस संचालक अपने सगे संबंधी, अनाज के एक बड़े व्यापारी का माल बिना रोक-टोक के तौल रहे हैं…
इधर बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है… खुले में रखे गेहूं में खराब होने का खतरा बना हुआ है…
किसानों ने वेयरहाउस संचालक एवम खरीदी केंद्र प्रभारी पर लापरवाही और पक्षपात के आरोप लगाए हैं… और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है…।
