
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की हुई समीक्षा
जिले में आमजन को न हो बिजली से संबंधित समस्या – कलेक्टर श्री तिवारी
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की हुई समीक्षा
कटनी (13 जुलाई) – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा योजना से जुड़ी सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने हाल के दिनों में बारिश और आंधी की वजह से बाधित बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कटनी एक औद्योगिक जिला है, ऐसे में औद्योगिक क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुचारु बनाये रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
बैठक में समय-सीमा पत्रों, समग्र ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में बरतें गंभीरता
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए नगर निगम, एमएसएमई, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, राजस्व, स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। पीएम किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजनाओं से संबंधित शिकायतों के प्रभावी समाधान हेतु राजस्व अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
कृषि एवं खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में मूंग एवं उड़द उपार्जन, खाद की उपलब्धता और वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए उप संचालक कृषि को निर्देश दिए गए कि केवल पात्र किसानों को ही ई-विकास प्रणाली से खाद उपलब्ध कराया जाए तथा सभी किसान भाईयों की फार्मर आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए।
खाली शासकीय भवनों के उपयोग के निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्कूल शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाली पड़ी शासकीय इमारतों का समुचित उपयोग किया जाए, जिससे बच्चों के शैक्षणिक कार्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सांदीपनी स्कूलों के मर्जर के बाद उपलब्ध भवनों का भी प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विकासखंडों में गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जांच एएनसी पंजीयन को 90 प्रतिशत तक बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर एनीमिया के मामलों में 100 प्रतिशत प्रबंधन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
राजस्व एवं सामाजिक योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं अभिलेख दुरुस्ती जैसे राजस्व प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही खदान, उद्योग एवं निर्माण क्षेत्र के श्रमिकों का प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही संबल योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पोषण पुनर्वास केंद्रों तथा कुपोषित बच्चों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में समस्त एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, कार्यपालन यंत्री पीडब्लूडी श्री शारदा सिंह, विज्ञान एवं सूचना प्रोद्योगिकी विभाग के प्रबंधक श्री सौरव नामदेव, डीपीसी श्री प्रेम नारायण तिवारी, कार्यपालन यंत्री पीचई श्री पवनसुत गुप्ता, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्री विमल चौरसिया, जिला श्रम अधिकारी श्री के.बी. मिश्रा, जिला पंजीयक श्री पंकज कोरी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ज्योति सिंह चौहान, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास वनश्री कुर्वेती तथा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
