
कटनी। जिले के विकासखंड रीठी में सोमवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने प्रशासनिक व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता का औचक निरीक्षण किया। बिलहरी उप तहसील कार्यालय में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान रिकॉर्ड का स्वयं मिलान किया और लापरवाही मिलने पर दो पटवारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिन सीमांकन प्रकरणों में कोई वैधानिक विवाद नहीं है, उनमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी पात्र हितग्राहियों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इसके बाद कलेक्टर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांधा पहुंचे, जहां उनका अलग ही रूप देखने को मिला। वे कक्षा 12वीं में विद्यार्थियों के बीच शिक्षक बनकर पहुंचे और अंग्रेजी का पाठ पढ़ाया। छात्रों से पाठ पढ़वाया, उसका हिंदी अर्थ समझाया और सही उच्चारण का अभ्यास भी कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों की जानकारी देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
हाई स्कूल की विज्ञान कक्षा में कलेक्टर ने पाचन तंत्र से जुड़े प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की समझ परखी। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, डिजिटल पैनल के माध्यम से हो रही पढ़ाई, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से एक ओर राजस्व विभाग में जवाबदेही का संदेश गया, तो दूसरी ओर विद्यालय में उनके शिक्षक स्वरूप ने विद्यार्थियों को प्रेरित करने का काम किया।
