कटनी पुलिस ने रचा नया कीर्तिमान: जिले के 13 थानों सहित 16 पुलिस संस्थानों को मिला आईएसओ 9001 : 2015 प्रमाणन

कटनी। कटनी पुलिस ने बेहतर पुलिसिंग, उच्च गुणवत्ता वाली प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। जिले के 13 थानों सहित कुल 16 पुलिस संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्य करने पर आईएसओ (ISO) प्रमाणन 9001 : 2015 प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में थाना एनकेजे परिसर में सोमवार को गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जहां आईएसओ टीम के प्रतिनिधि योगेंद्र द्विवेदी एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) जबलपुर के मुख्य आतिथ्य में प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी सहित जिले के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आईएसओ प्रमाणन पुलिस संस्थानों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर, उच्च गुणवत्ता वाली पुलिसिंग, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव, ई-रिकॉर्ड प्रबंधन, बिसरा विनष्टीकरण की वैज्ञानिक पद्धति, आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाओं तथा नागरिकों के प्रति व्यवहार एवं कार्यप्रणाली के आधार पर प्रदान किया गया है। यह प्रमाणन इस बात का प्रमाण है कि संबंधित पुलिस संस्थान अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीजी जबलपुर ने कहा कि आईएसओ प्रमाणन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की निरंतर जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इस स्तर को लगातार बनाए रखने का आह्वान किया।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने इस उपलब्धि पर कटनी पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि यह अन्य शासकीय विभागों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अन्य कार्यालयों में भी इसी प्रकार गुणवत्ता आधारित व्यवस्थाएं विकसित कर आईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने के प्रयास किए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने इस सफलता का श्रेय जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, अनुशासन और समर्पित कार्यशैली को दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराना कटनी पुलिस की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।

तीन वर्षों तक रहेगा प्रमाणन मान्य

कार्यक्रम में बताया गया कि जारी किए गए आईएसओ प्रमाणपत्र तीन वर्षों के लिए मान्य रहेंगे। इस अवधि के दौरान संबंधित पुलिस संस्थानों के कार्यों, गुणवत्ता मानकों एवं व्यवस्थाओं का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाएगा। निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने पर आगामी अवधि के लिए पुनः प्रमाणीकरण (री-सर्टिफिकेशन) किया जाएगा।

कटनी पुलिस की यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि प्रदेश में आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *