पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम घटाने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

कटनी। अखिल भारतीय हिन्द क्रांति पार्टी, मध्यप्रदेश ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार से राहत देने की मांग उठाई है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट पन्नालाल त्रिपाठी के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस के दामों में अपेक्षित कमी नहीं की जा रही है। इससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
पार्टी ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि पहले जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अधिक थीं, तब भी पेट्रोल और डीजल के दाम अपेक्षाकृत कम थे। अब कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को उसका लाभ नहीं मिल रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई है कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कमी कर आमजन को महंगाई से राहत प्रदान की जाए। ज्ञापन की प्रति जिला कलेक्टर को भी सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *