घुघरी में 15 वन्यजीवों की रहस्यमयी मौत, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया पोस्टमार्टम; जांच के लिए भेजे गए नमूने

कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुघरी में 15 वन्यजीवों की एक साथ हुई मौत ने वन विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सूचना मिलते ही वन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई। मृत वन्यजीवों में 13 चीतल और 2 सांभर शामिल हैं।
वन विभाग से सूचना मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. सुमंत वर्मा के निर्देशन में विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। टीम ने सभी मृत वन्यजीवों का वैज्ञानिक तरीके से पोस्टमार्टम कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।
उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विकास डॉ. नीता मनोचा ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान सभी आवश्यक जैविक नमूने सुरक्षित रूप से एकत्र कर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वन्यजीवों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है। आसपास के जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो। वन विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हैं तथा सभी पहलुओं—बीमारी, विषाक्त पदार्थ, प्राकृतिक कारण अथवा अन्य संभावित कारणों—की जांच की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल घटना को गंभीरता से लेते हुए वन्यजीव संरक्षण के सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *