“50 हजार के मोबाइल के लिए बना ट्रैक्टर चोर! प्रेमिका की डिमांड पूरी करने चोरी की वारदात, 48 घंटे में पुलिस ने दबोचा।”

कटनी में इश्क का ऐसा जुनून सामने आया, जिसने एक युवक को सीधे चोरी की राह पर पहुंचा दिया। प्रेमिका को महंगा मोबाइल गिफ्ट देने के लिए 20 वर्षीय युवक ने साढ़े चार लाख रुपये का ट्रैक्टर चुरा लिया। लेकिन कुठला पुलिस ने महज 48 घंटे में पूरा मामला सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया।

मामला कुठला थाना क्षेत्र का है, जहां पहरुआ कृषि यंत्र के सामने खड़ा सोनालिका कंपनी का हाइड्रा ट्रैक्टर 14 जुलाई की रात चोरी हो गया था। ट्रैक्टर की कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सतना जिले के समोघर निवासी 20 वर्षीय प्रिंस सिंह सोमवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी प्रेमिका ने 50 हजार रुपये का महंगा मोबाइल मांगा था और उसी डिमांड को पूरा करने के लिए उसने ट्रैक्टर चोरी की थी।

पुलिस ने चोरी किया गया ट्रैक्टर मैहर स्थित सोनालिका एजेंसी के पास से बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इश्क में चोरी का रास्ता चुनने वाले युवक की कहानी अब सलाखों के पीछे पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *