बकठा घाट पर अवैध रेत परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त


वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर खनन अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही


कटनी। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए रेत से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। ट्रैक्टर चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर खनन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार 25 और 26 जून की दरम्यानी रात सूचना मिली थी कि बकठा घाट से नदी की रेत का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरा मिला।
जांच के दौरान चालक से रेत परिवहन के संबंध में वैध अनुमति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त करते हुए खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में की गई इस कार्यवाही में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक संतोष स्वामी, आरक्षक पप्पू प्रजापति एवं चालक आरक्षक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *