
कटनी। जिले में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा लगातार मैदानी स्तर पर निरीक्षण और क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने चौकी झिंझरी क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित पीरबाबा बायपास, गुलबारा बायपास सहित विभिन्न संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उन स्थानों का विशेष रूप से जायजा लिया जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं या दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे क्षेत्रों में यातायात सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा हो सके।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के विभिन्न शैडो एरिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सुनसान और कम निगरानी वाले क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों की संभावना अधिक रहती है, इसलिए ऐसे स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्त और सतत निगरानी आवश्यक है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता भी इसमें महत्वपूर्ण है। इसलिए यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार जनजागरण अभियान भी चलाए जाएं।पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण और क्षेत्र भ्रमण को जिले में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
