कुठला पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी के 5 मोबाइल कुछ घंटों में बरामद

दो विधि उल्लंघनकारी बालकों से 75 हजार रुपये कीमत के मोबाइल जब्त, तकनीकी जांच से मिला सुराग


कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस को मोबाइल चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी हुए पांच मोबाइल फोन को कुछ ही घंटों में बरामद करते हुए दो विधि उल्लंघनकारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत सौरपुर निवासी हिमांशु प्रजापति ने थाना कुठला में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लमतरा स्थित एक गुटखा फैक्ट्री में कार्यरत है। 16 जून की रात भोजन करने के बाद वह अपने साथियों के साथ सो गया था। सुबह करीब 5 बजे जागने पर उसके पांच मोबाइल फोन गायब मिले। चोरी हुए मोबाइलों में दो ओप्पो, दो रियलमी और एक वीवो कंपनी का मोबाइल शामिल था, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई गई।
फरियादी ने बताया कि उसके साथ काम करने वाले दो युवक भी मौके से लापता थे, जिससे उन पर चोरी का संदेह हुआ। शिकायत के आधार पर कुठला थाना में अपराध क्रमांक 498/26 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तकनीकी जांच प्रारंभ की। मोबाइल ट्रैकिंग एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जबलपुर से चोरी हुए सभी पांच मोबाइल फोन बरामद कर लिए। जांच के दौरान दो विधि उल्लंघनकारी बालकों की संलिप्तता सामने आई, जिनसे मोबाइल जब्त किए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
मोबाइल चोरी के मामले का शीघ्र खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, अजीत मिश्रा, आरक्षक मनोज सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *