हरिजन बस्ती का रास्ता बना खतरा, बारिश में बढ़ी मुश्किलें

कटनी नगर निगम के राम मनोहर लोहिया वार्ड क्रमांक 7 में नदीपार से पीपल घाट जाने वाला मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। तेज ढाल वाले इस सकरे रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से लोगों की आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है। हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

राम मनोहर लोहिया वार्ड क्रमांक 7 की हरिजन बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला नदीपार से पीपल घाट तक का रास्ता पूरी तरह जर्जर हो चुका है। करीब तीन से चार फुट चौड़े इस मार्ग पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के चलते फिसलन बढ़ गई है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

यही रास्ता बस्ती के लोगों के लिए आने-जाने का एकमात्र साधन है। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग रोजाना जान जोखिम में डालकर इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई सुधार कार्य नहीं कराया गया।

रहवासियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से नगर निगम प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में मार्ग की स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। यदि समय रहते मरम्मत या निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।फिलहाल स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर निगम जल्द से जल्द इस मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू करे, ताकि हरिजन बस्ती के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *