
कटनी (22 मार्च) – कटनी की निवासी दीपिका दुबे के लिए ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि उनके घर की आर्थिक स्थिरता और उनके आत्मविश्वास का आधार बन गई है।
एक मध्यमवर्गीय परिवार की गृहणी होने के नाते दीपिका हमेशा अपने परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता देती आई हैं। बढ़ती महंगाई के दौर में कई बार छोटी-छोटी खुशियों या घरेलू जरूरतों के लिए बजट कम पड़ जाता था। दीपिका बताती हैं कि पहले उन्हें छोटी खरीदारी के लिए भी घर के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे कभी-कभी संकोच महसूस होता था।
योजना के तहत हर महीने बैंक खाते में आने वाली राशि ने दीपिका के जीवन की तस्वीर बदल दी है। इस राशि से फल, सब्जियां और किराना सामग्री के लिए अब बजट का संकट नहीं रहता। छोटी-मोटी दवाइयों व स्वास्थ्य संबंधी खर्चों के लिए यह राशि तुरंत काम आती है। साथ ही आकस्मिक जरूरतों के लिए अब उन्हें किसी का इंतजार नहीं करना पड़ता।
दीपिका कहती हैं कि “एक छोटी सी मदद भी तब बड़ी बन जाती है, जब वह सही समय पर और सीधे आपके हाथों में पहुंचे। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने मुझे आर्थिक स्वतंत्रता दी है। अब मुझे छोटी जरूरतों के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाने पड़ते। अब मैं गर्व से कह सकती हूँ कि मेरे पास भी अपनी बचत है। यह पैसा मेरे लिए आत्मसम्मान का प्रतीक है। हमारी सुध लेने और हमें सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने हमें सही मायनों में ‘लाड़ली’ बनाया है।”
