अग्निशमन विभाग की तैयारियों पर निगम प्रशासन की नजर, उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

फायर वाहनों और उपकरणों की जांच कर परखी व्यवस्थाएं, आपातकालीन सूचना पर तत्काल घटनास्थल पहुंचने के दिए निर्देश

कटनी। शहर में आगजनी की घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अग्निशमन विभाग की तैयारियों का जायजा लिया। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर मंगलवार शाम उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने सिविल लाइन स्थित मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभागीय व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने फायर वाहनों की स्थिति, रखरखाव और उनमें उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की जांच की। इसके साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्यूटी शिफ्ट और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण में सभी कर्मचारी निर्धारित ड्यूटी पर उपस्थित मिले।

उपायुक्त श्री गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अग्निशमन वाहन हर समय चालू हालत में और आवश्यक संसाधनों से लैस रहें। आगजनी अथवा किसी भी आपातकालीन घटना की सूचना मिलते ही फायर टीम बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हो और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे।

उन्होंने वाहनों एवं उपकरणों के नियमित रखरखाव के साथ कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन विभाग की तत्परता बेहद महत्वपूर्ण होती है, इसलिए तैयारियों और संसाधनों के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र दुबे सहित अग्निशमन विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *