कटाएघाट में गूंजी शहनाइयां, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 25 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

कटनी। देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर कटनी के कटाएघाट मेला परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस समारोह में 25 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ परिणय सूत्र में बंधे। गायत्री परिवार के सदस्यों ने विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं।समारोह में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी एवं नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की। इस दौरान महापौर एवं समाजसेवी नंद कुमार बरसानी द्वारा नवदंपतियों को उपहार सामग्री भी भेंट की गई।मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी की सामग्री खरीदने के लिए 49 हजार रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। यह राशि नवविवाहित कन्याओं के बैंक खातों में जमा कराई जाएगी।इस अवसर पर महापौर प्रीति सूरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक अभाव के चलते बेटियों के विवाह में माता-पिता को कर्ज न लेना पड़े। कन्या विवाह सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बेटियों को सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने निगमायुक्त तपस्या परिहार ने विवाह स्थल एवं पंजीयन काउंटर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं वर-वधु और उनके परिजनों की सुविधा के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, चेंजिंग रूम, चलित शौचालय और हेल्प काउंटर सहित तमाम इंतजाम किए गए थे।कार्यक्रम में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। देवउठनी ग्यारस के शुभ अवसर पर 25 जोड़ों के नए जीवन की शुरुआत के साथ समारोह हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *