
प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, यातायात को लेकर दिए दिशा-निर्देश
कटनी । गणेश उत्सव के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस ने सोमवार शाम शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार क्षेत्रों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का दल थाना कोतवाली से रवाना हुआ। फ्लैग मार्च एसबीआई तिराहा, कचहरी तिराहा, गणेश चौक, बरही चौराहा, गर्ग चौराहा, दुर्गा चौक, घंटाघर, जालपा देवी मार्ग, चांडक चौक, बस स्टैंड, पन्ना मोड़, कुठला, कृषि मंडी चाका और आजाद चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा।
इस दौरान गणेश चौक स्थित श्रीगणेश मंदिर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने दर्शन किए और गणेश पंडाल का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने आयोजकों से सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक जानकारी ली।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था के लिए स्टॉपर, संकेतक और बैनर लगाए गए हैं, वहीं आवश्यकता के अनुसार डायवर्शन प्लान भी तैयार किया गया है।
पुलिस ने गणेश उत्सव के दौरान असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को सुगम यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
फ्लैग मार्च में डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक एवं प्रभारी सीएसपी शिवा पाठक, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, आरआई संध्या राजपूत, आरआई अंजू लकड़ा, निरीक्षक मंजू शर्मा, एसआई शशिभूषण दुबे सहित पुलिस अधिकारी एवं बल मौजूद रहा।
