ग्राइंडर मशीन सुधारते समय युवक को लगा करंट, मौत

खिरहनी के दुर्गा चौक स्थित कबाड़ दुकान में हादसा, परिजनों ने जताई घटना की परिस्थितियों पर आपत्ति

कटनी। खिरहनी क्षेत्र के दुर्गा चौक में गुरुवार को एक कबाड़ दुकान में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पहचान गड्ढाटोला निवासी करीब 22-23 वर्षीय सौरभ वंशकार के रूप में बताई गई है। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार सौरभ खिरहनी स्थित मुकेश कबाड़ी की दुकान में काम करता था। गुरुवार को दुकान में काम के दौरान ग्राइंडर मशीन में अचानक खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि सौरभ मशीन को सुधारने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद दुकान में मौजूद लोगों ने आनन-फानन में सौरभ को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।

परिजनों ने उठाए घटना की परिस्थितियों पर सवाल

युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल में परिजनों ने हंगामा करते हुए घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मशीन और सुरक्षा इंतजामों की होगी जांच

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच में ग्राइंडर मशीन की विद्युत स्थिति, मशीन में आई खराबी, उसे ठीक करने के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम मौजूद थे या नहीं, इन बिंदुओं को भी देखा जा रहा है।फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों और हादसे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *