
कटनी। कुठला थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चाका बायपास क्षेत्र में जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़कर उनके कब्जे से 4,900 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को कुठला पुलिस को सूचना मिली थी कि चाका बायपास में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी के दौरान जुआ खेल रहे छह लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान फरहान अब्बासी (24), निवासी लमतरा; अमर काछी (26), निवासी छैघरा कन्हवारा; सुखलाल कुशवाहा (27), निवासी कन्हवारा; सुखदेव बर्मन (26), निवासी कोतवाली; विकाश बर्मन (18), निवासी छैघरा कन्हवारा तथा दीपक सोनी (32), निवासी कन्हवारा के रूप में हुई है।
मौके की तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 4,900 रुपये नकद तथा ताश के पत्ते बरामद किए। कुठला पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की।
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व वाली टीम में प्रधान आरक्षक ताहिर खान, आरक्षक विजय प्रजापति, मनोज सिंह, सुरेश कोरी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
