एसबीआई एटीएम के सामने अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से सुरक्षा पर सवाल, नागरिकों ने उठाई त्वरित कार्यवाही की मांग।

कटनी : शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एसबीआई एटीएम के सामने अवैध सब्जी ठेलों और बेतरतीब वाहन पार्किंग ने न केवल आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, बल्कि एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन तक एटीएम के ठीक सामने खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे एटीएम तक पहुंचने का रास्ता बाधित होता है और सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ जाते हैं।

कटनी के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में होटल राधिका से थोड़ी आगे इमली के पेड़ के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के सामने इन दिनों अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। एटीएम के आसपास अवैध रूप से सब्जी के ठेले लगाए जा रहे हैं, वहीं कई बार सरकारी और अन्य वाहन भी एटीएम के सामने पार्क कर दिए जाते हैं। इस स्थिति के कारण एटीएम तक पहुंचने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार एटीएम का प्रवेश मार्ग तक अवरुद्ध हो जाता है, जिससे ग्राहकों को अंदर जाने और बाहर निकलने में परेशानी होती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एटीएम जैसी संवेदनशील जगह के सामने इस प्रकार का अतिक्रमण और पार्किंग सुरक्षा मानकों के विपरीत है। ठेलों और वाहनों की वजह से सड़क से गुजरने वाले लोगों को एटीएम स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता, जिससे इसकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
लोगों का मानना है कि एटीएम के आसपास खुला और स्पष्ट क्षेत्र होना चाहिए ताकि आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान आसानी से हो सके।

गौरतलब है कि पूर्व में भी माधवनगर गेट के पास लगे ए टी एम तथा प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों में एटीएम लूट और चोरी जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद बस स्टैंड क्षेत्र स्थित इस एटीएम के सामने लगातार अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग का बना रहना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना भी घट सकती है। नागरिकों ने प्रशासन, नगर निगम, यातायात पुलिस और बैंक प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
आम नागरिकों का कहना है कि “एटीएम के सामने ठेले और गाड़ियां खड़ी रहने से रास्ता बंद हो जाता है। कई बार एटीएम दिखाई तक नहीं देता। सुरक्षा की दृष्टि से यह ठीक नहीं है। प्रशासन को तत्काल कार्यवाही कर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटानी चाहिए।”

नागरिकों की मांग है कि एटीएम के आसपास नो-पार्किंग क्षेत्र घोषित किया जाए, अवैध रूप से लगाए जा रहे ठेलों को हटाया जाए और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि आम लोगों को सुविधा मिलने के साथ-साथ एटीएम की सुरक्षा भी बनी रहे।

फिलहाल सवाल यही है कि आखिर पूरे शहर में सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले एटीएम के सामने के अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर जिम्मेदार विभाग कब कार्यवाही करेंगे। आम नागरिक अब इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *