शिवाजी नगर में ब्रांडेड जे.के. वॉल पुट्टी के नाम पर नकली माल का कारोबार! पुलिस ने 58 बोरियां कीं जब्त

जे.पी. इंटरप्राइजेज पर कोतवाली पुलिस की दबिश, दुकान संचालक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज

कटनी। शहर में नामी कंपनी के ब्रांड और लोगो का कथित दुरुपयोग कर नकली निर्माण सामग्री बेचने का मामला सामने आया है। जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी के नाम पर कथित रूप से नकली पुट्टी का विक्रय किए जाने की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शिवाजी नगर स्थित जे.पी. इंटरप्राइजेज दुकान पर दबिश देकर 40-40 किलोग्राम वजन की कुल 58 बोरियां जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 51 हजार 800 रुपये बताई गई है।

मामले की शुरुआत 18 नवंबर 2026 को हुई, जब जे.के. वॉल पुट्टी कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कटनी में कंपनी के ब्रांड और लोगो का अनधिकृत इस्तेमाल कर नकली वॉल पुट्टी का कारोबार किया जा रहा है, जिससे कंपनी की साख और व्यापारिक हितों को नुकसान पहुंच रहा है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय को तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चौकी प्रभारी बस स्टैंड उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा पुलिस बल और कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी के साथ शिवाजी नगर गली नंबर दो स्थित जे.पी. इंटरप्राइजेज पहुंचे और दुकान पर दबिश दी।

मौके पर दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे, उम्र 42 वर्ष, मौजूद मिला। कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ने दुकान में रखी वॉल पुट्टी की बोरियों का परीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, जब दुकानदार से जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी के पंजीयन और अधिकृत विक्रय संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो उसने ऐसा कोई पंजीयन नहीं होना बताया, जबकि उसने के.जे. वॉल पुट्टी के नाम से पंजीयन होने की जानकारी दी।

कंपनी के जांच अधिकारी ने अपनी परीक्षण रिपोर्ट में दावा किया कि दुकान में रखी बोरियां जे.के. कंपनी की असली बोरियों की नकल कर तैयार की गई हैं और उन पर कंपनी के ब्रांड एवं लोगो का अनधिकृत इस्तेमाल किया गया है।

इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी की कुल 58 बोरियां जब्त कर लीं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 51 हजार 800 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे के विरुद्ध प्रथम दृष्टया कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 के तहत अपराध दर्ज किया है। कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 1325/26 पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार, कंपनी की शिकायत और जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी दीपू कुशवाहा और सहायक उपनिरीक्षक विजय गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अब इस मामले में जांच का अहम पहलू यह भी होगा कि कथित नकली पुट्टी की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और क्या इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *