मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों की उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने की समीक्षा

शेष अन्य व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण करने अधिकारियों को दिए निर्देश

कटनी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत 20 नवंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता ने आयोजन से संबंधित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेकर समीक्षा कर शेष व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव, सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे ।

समीक्षा के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर हितग्राहियों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, प्रकाश, आवागमन, मंच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल होने वाले वर-वधुओं एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उपायुक्त श्री गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करते हुए आयोजन स्थल की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही समारोह के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना से जुड़ा आयोजन है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *