
उमरियापान पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात किए बरामद, न्यायालय से जेल भेजा गया आरोपी
कटनी। उमरियापान थाना पुलिस ने सूने घर में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पकरिया निवासी वर्षा लोधी ने थाना उमरियापान में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात रखी पेटी चोरी कर ले गया। शिकायत पर उमरियापान पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/2026, धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की।
संदेह के आधार पर हिरासत में लिया
विवेचना के दौरान फरियादिया ने पुलिस को बताया कि अजीत उर्फ जित्तू कोल का उसके घर लगातार आना-जाना था और उसने उस पर संदेह जताया। पुलिस ने इस सुराग को आधार बनाकर अजीत उर्फ जित्तू कोल पिता बल्लू कोल, निवासी बरौदा, थाना उमरियापान को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमरियापान उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में की गई।
कार्यवाही में उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक सतेन्द्र चौरसिया, आरक्षक नीलेश पटेल, आरक्षक मोहन मुबेल, आरक्षक रोहित झारिया सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही से चोरी की वारदात का खुलासा होने के साथ ही चोरी गया मशरूका भी बरामद कर लिया गया।
