पिपरौध में 3 लाख की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन “ग्रामीणों की मांग पर मिली सौगात,

कटनी। ग्राम पंचायत पिपरौध में ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त आयोग अंतर्गत मुक्तिधाम के पास 3 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। इस निर्माण कार्य का भूमिपूजन ग्राम के सरपंच, सचिव, पंच, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्रामवासियों को आवागमन में हो रही परेशानियों को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य के माध्यम से पुलिया निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। क्षेत्र के सक्रिय एवं लगनशील युवा भाजपा नेता अखिल पाण्डेय के प्रयासों से यह कार्य स्वीकृत हुआ, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि पुलिया निर्माण से मुक्तिधाम क्षेत्र सहित आसपास के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के समय होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता अखिल पाण्डेय ने ग्रामीणों द्वारा दिए गए आशीर्वाद और उन पर जताए गए विश्वास को ही इस उपलब्धि का आधार बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते रहेंगे।
कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच, सचिव, पंच, भाजपा कार्यकर्ता, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *