
कटनी। चंद रुपये बचाने की कोशिश में यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालक के खिलाफ कटनी यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। माल ढोने के लिए निर्धारित लोडिंग वाहन में महिला, पुरुष और बच्चों सहित 25 लोगों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। यातायात पुलिस ने वाहन को जप्त कर चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को मिशन चौक से अहिंसा तिराहा की ओर जा रहे लोडिंग वाहन क्रमांक MP 21 G 2683 को यातायात पुलिस ने जांच के लिए रोका। जांच के दौरान वाहन में सामान के बजाय 25 सवारियां बैठी मिलीं। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। इस तरह नियमों को ताक पर रखकर यात्रियों का परिवहन किया जा रहा था, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने तत्काल वाहन जप्त कर लिया। चालक को प्रकरण सहित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय/यातायात रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में की गई।कार्रवाई में उपनिरीक्षक शशि भूषण दुबे, सहायक उपनिरीक्षक अशोक सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनूप सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिंह एवं आरक्षक राजकुमार झारिया और सुनील अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि लोडिंग वाहनों का उपयोग केवल माल परिवहन के लिए करें। यात्रियों को बैठाकर सफर करना उनकी सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। यात्रा के लिए निर्धारित यात्री वाहनों का ही उपयोग करें और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
