पदभार संभालते ही एक्शन मोड में एएसपी कमल मौर्य, शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण

कटनी। जिले के नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले की कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था का जमीनी स्तर पर आकलन शुरू कर दिया है। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी मौर्य ने कोतवाली थाना परिसर का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई और जनसुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने माधवनगर थाना क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक सुझाव दिए। एएसपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के इस सक्रिय निरीक्षण को जिले में प्रभावी पुलिसिंग और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *